अर्नब चक्रवात प्रभावित गांवों का विधायक चुन्ना सिंह ने किया दौरा, बांटे तिरपाल और दी आर्थिक मदद
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
पालोजोरी (देवघर) : सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने सोमवार को 'अर्नब चक्रवात' से प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सीओ सह बीडीओ पार्थ नंदन और झामुमो के जिला उपाध्यक्ष इश्तियाक मिर्जा भी मौजूद रहे। विधायक ने प्रखंड के मोरंगा, दुबराजपुर, पाड़ो, पथरघटिया आदि गांवों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया।
मौके पर मौजूद सीओ को निर्देश देते हुए विधायक ने कहा कि अंचल कर्मियों को प्रभावित गांवों में भेजकर तीन दिनों के अंदर नुकसान का सर्वे और प्रभावित लोगों की सूची तैयार की जाए, ताकि सभी पीड़ितों को सरकारी सहायता मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन लोगों के मकान पूरी तरह उजड़ गए हैं, उनके लिए आवास योजना का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
विधायक ने प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही अबुआ सरकार आम जनता के सुख-दुख में शामिल होकर हर समस्या के समाधान के लिए कृत संकल्पित है। दुख की इस घड़ी में प्रभावित लोग परेशान न हों, वे हमेशा उनके साथ खड़े हैं।
दौरे के दौरान विधायक ने अपनी ओर से लगभग 120 से अधिक जरूरतमंद लोगों के बीच तिरपाल का वितरण किया और आर्थिक सहायता भी प्रदान की। अर्नब चक्रवात की चपेट में सबकुछ गंवा चुके हताश लोगों ने विधायक के सामने अपना दुखड़ा रखा, जिस पर विधायक ने उपायुक्त देवघर से बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर विधायक ने गहरी नाराजगी जताई। उन्हें जानकारी मिली कि चक्रवात में कई लोग घायल हुए हैं, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची। इस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को फोन कर संवेदनशील होने को कहा, जिसके बाद स्वास्थ्य टीम गांव पहुंची और लोगों को दवा व उपचार मुहैया कराया।
मौके पर शालिग्राम मंडल, जिप प्रतिनिधि विजय कोल, पंसस मनिरुद्दीन अंसारी, मुखिया प्रतिनिधि भाजो मियां, पूर्व मुखिया बसारत अंसारी, समीर अंसारी सहित दर्जनों जेएमएम कार्यकर्ता मौजूद थे।




.jpeg)

