BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर एम्स में स्वच्छता की मुहिम: कैंपस के अंदर से बाहर तक सफाई, नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत देवघर 'एम्स' में मंगलवार को कायाकल्प गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वच्छता शपथ, स्वच्छता अभियान, जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट प्रबंधन, ई-कचरे के निस्तारण, कार्यस्थलों की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थीकरण और स्वच्छता जागरूकता जैसी छह प्रमुख गतिविधियाँ संचालित की गईं।

देवघर 'एम्स' के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) नितिन एम. गंगाने के नेतृत्व में चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ.) राजेश कुमार, विभिन्न विभागों के डीन, अधीक्षण अभियंता, प्रशासनिक अधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं स्वच्छता कर्मियों ने स्वच्छता शपथ में भाग लिया।

संस्थान के बाहरी क्षेत्र, सड़क किनारे स्थित दुकानों तथा परिसर के विभिन्न ब्लॉकों और फूड कियोस्क क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया तथा कुछ चिन्हित दुकानदारों को कचरे के उचित संग्रहण के लिए डस्टबिन भी उपलब्ध कराए गए।

स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत ओपीडी क्षेत्र में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर व्यक्तिगत स्वच्छता और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान जैव-चिकित्सीय अपशिष्ट के उचित प्रबंधन, ई-कचरे के निस्तारण तथा कार्यस्थलों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। साथ ही लोगों को तंबाकू सेवन के हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए संस्थान परिसर में तंबाकू निषेध के नियमों का पालन करने की अपील की गई।

देवघर 'एम्स' से संबद्ध अर्बन हेल्थ एंड ट्रेनिंग सेंटर, कल्याणपुर तथा रूरल हेल्थ एंड ट्रेनिंग सेंटर, देवीपुर में भी कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन विभाग की प्रोफेसर (डॉ.) जी. जाह्नवी के नेतृत्व में स्वच्छता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

'एम्स' सूत्रों के अनुसार अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ भी साझा की गई।