BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

ब्रिगेड जनसभा के लिये आसनसोल तथा दुर्गापुर से तीन विशेष ट्रेन, हजारों समर्थक कोलकाता रवाना


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड परिवर्तन रैली में शामिल होने के लिए पश्चिम बर्दवान जिले के बराक, आसनसोल, दुर्गापुर से तीन स्पेशल ट्रेनों के जरिए शुक्रवार देर रात हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक ब्रिगेड रैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए। शनिवार की अग्नि बीना एक्सप्रेस तथा सियालदह आसनसोल एक्सप्रेस से भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक ब्रिगेड रैली के लिए रवाना हुए।

इस बारे में जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा जिला कमेटी की ओर से 12 हजार लोगों को ब्रिगेड रैली में जाने के लिए व्यवस्था की गई है। इसके अलावा और कितने लोग जा रहे हैं इसका आंकड़ा उनके पास नहीं है।

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल स्टेशन से दो विशेष ट्रेन तथा दुर्गापुर से एक विशेष ट्रेन चालू किया गया था। इसके अलावा शनिवार की सुबह अग्निबीना एक्सप्रेस तथा इंटरसिटी से भी लोग ब्रिगेड के लिए निकले। साथ ही निजी वाहनों तथा बसों से भी लोग ब्रिगेड सभा में शामिल होने के लिए जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा हुई थी। ऐसा ही जनसैलाब देखने को मिला था। उस वक्त बीजेपी चाहती थी कि बंगाल में परिवर्तन हो लेकिन 2026 में पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन चाहती है।

झारखंड से समर्थकों के आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि झारखंड से हो सकता है कि कुछ लोग आए हों। हालांकि पश्चिम बर्दवान जिले से ही भाजपा के इतने कार्यकर्ता और समर्थक ब्रिगेड जा रहे हैं कि उनको झारखंड से लोगों को बुलाने की आवश्यकता नहीं है।