
पेयजल संकट को लेकर हाईकोर्ट में उपस्थित हुईं मुख्य सचिव
रांची : राजधानी रांची में उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा बुधवार को झारखंड उच्च...
रांची : राजधानी रांची में उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा बुधवार को झारखंड उच्च न्यायालय में सशरीर उपस्थित हुईं। अदालत ने गर्मी के मौसम में उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर मुख्य सचिव को तलब किया था। अदालत ने पेयजल संकट के निदान के लिए राज्य सरकार को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है। ज्ञात हो इन दिनों रांची के कई इलाके पानी के घोर संकट से जूझ रहे हैं। पानी के लिए लोग दिन में तो परेशान रहते ही हैं, रात में भी पानी के लिए लोगों को भटकते हुए देखा जा सकता है। पानी के संकट के लिए नगर निगम भी कहीं न कहीं जिम्मेदार अवश्य है। पाइप लाइन से वाटर सप्लाई का आलम यह है कि कई इलाकों में पानी का दर्शन तक नहीं होता और कहीं पाइप लाइन फट जाने से लाखों गैलन पानी बरबाद हो जाता है। बुधवार को ही बूटी मोड़ पर पाइप लाइन फटने से लाखों गैलन पानी बरबाद हो गया। नगर निगम की यह समस्या आज की नहीं है। वर्षों से ऐसा होता आ रहा है, लेकिन नगर निगम अपनी व्यवस्था को दुरुस्त करने में आज भी नाकाम है।