
2976852 मतदाता करेंगे 24514 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला
| | 2015-12-12T11:13:25+05:30
रांची, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम एवं चतुर्थ चरण का मतदान राज्य के 13 जिलों के 41 प्रखंडों...
रांची, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम एवं चतुर्थ चरण का मतदान राज्य के 13 जिलों के 41 प्रखंडों में 12 दिसम्बर को होगा। मतदान प्रात: सात बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। मतगणना 19 दिसम्बर को प्रात: आठ बजे से होगी। मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सम्पन्न कराने के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। सशस्त्रबलों को कल ही मतदान केन्द्रों पर भेज दिया गया है। मतपत्र, मतपेटी सहित अन्य चुनाव सामग्रियों को लेकर मतदानकर्मियों को आज मतदान केन्द्रों एवं कलस्टरों पर रवाना कर दिया गया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चतुर्थ चरण (अंतिम चरण) के मतदान में गढ़वा जिले के तीन प्रखंडों मेराल, गढ़वा एवं डंडा, पलामू जिले के पांच प्रखंडों पाण्डू, विश्रामपुर, चैनपुर, रामगढ़ एवं मेदनीनगर, चतरा जिले के तीन प्रखंडों कुन्दा, लावालोंग एवं हंटरगंज, लातेहार जिला के दो प्रखंडों गारू एवं महुआटांड में 12 दिसम्बर को मतदान होगा। हजारीबाग जिले के पांच प्रखंडों पदमा, कटकमसांडी, कटकमदाग, दारू एवं हजारीबाग, गिरिडीह जिले के बगोदर, डूमरी एवं पीरटांड में मतदान होगा। रांची जिले के चार प्रखंडों बुण्डू, राहे, सोनाहातू एवं तमाड़, लोहरदगा जिले के तीन प्रखंडों कैरो, लोहरदगा एवं भण्डरा, गुमला जिले के तीन प्रखंडो विशुनपुर, घघरा एवं सिसई, पश्चिमी सिंहभूम के चार प्रखंडों गुदड़ी, बंदगांव, सोनुवा एवं गोईलकेरा, पूर्वी सिंहभूम के तीन प्रखंडों गोलमुरी सह, जुगसलाई एवं पोटका में मतदान होगा।
इसी प्रकार धनबाद जिले के दो प्रखंडों निरसा एवं गोबिन्दपुर, बोकारो जिले के चारू एवं चंदनक्यारी प्रखंड में 12 दिसम्बर को अंतिम चतुर्थ चरण का मतदान होगा। राज्य के 10 जिलों कोडरमा, देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, रामगढ़, खूंटी, सिमडेगा एवं सरायकेला-खरसावां जिलों में तृतीय चरण में ही मतदान समाप्त हो गया है। इसलिए इन जिलों में चतुर्थचरण का मतदान नहीं होगा। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर संबंधित जिलों के जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने भयमुक्त एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सभी मतदान केन्द्रों पर प्रयाप्त सशस्त्र सुरक्षाबल, दंडाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, लाठीबल एवं गश्तीदल प्रतिनियुक्त किये हैं। ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सके। राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाची पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि तीन चरणों के मतदान की अपेक्षा अंतिम चतुर्थ चरण में मतदान का प्रतिशत सर्वाधिक होगा और विगत चुनाव का रिकार्ड टूटेगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के प्रथम चरण से लेकर चतुर्थ चरण तक कुल एक करोड़ 72 लाख 47 हजार 830 मतदाता हैं। इनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 89 लाख 73 हजार 277 एवं महिला मतदाताओं की संख्या 82 लाख 74 हजार 552 है। मतदान केन्द्रों की संख्या 54330 है। जिलों के 14,497 भवनों में मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। चलन्त मतदान केन्द्रों की संख्या 32 है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में राज्य के देवघर, पलामू, हजारीबाग, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, धनबाद, साहेबगंज, गोड्डा, दुमका जिलों में मतदाताओं की संख्या अधिक है। जबकि लोहरदगा, खूंटी, सिमडेगा, जामताड़ा, कोडरमा, लातेहार एवं रामगढ़ जिलों में मतदाताओं की संख्या कम है। प्रथम चरण का मतदान 22 नवम्बर, द्वितीय चरण 28 नवम्बर, तृतीय चरण पांच दिसम्बर को मतदान सम्पन्न हुआ है।