
हत्या के बाद शव को पेड़ पर लटकाया गया - प्रदीप यादव
रांची, झारखंड विकास मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव सह विधायक प्रदीप यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य...
रांची, झारखंड विकास मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव सह विधायक प्रदीप यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चरमरा गयी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों का मनोबल जहां बढ़ गया है, वहीं राज्य में रघुवर दास सरकार गठन के बाद अल्पसंख्यकों पर अत्याचार बढ़ गया है, अल्पसंख्यक समाज के लोग भयभीत है।
प्रदीप यादव ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लातेहार जिले के बालूमाथ में अल्पसंख्यक समुदाय के दो युवकों की सरेआम हाथ-पैर बांध कर जमकर पिटाई कर दी गई और बाद में हत्या के बाद युवकों के शव को पेड़ पर लटका दिया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे झारखंड का सिर शर्म से झुक गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना से झारखंड विकास मोर्चा मर्माहत है और इस बार रंगों का त्योहार होली नहीं मनाने का फैसला लिया है, हालांकि उन्होंने होली के मौके पर राज्यवासियों को शुभकामना भी दी और अच्छे तरीके से होली मनाने की अपील की।