
स्वतंत्रता दिवस पर शान से लहराया तिरंगा
| | 2015-08-17T10:32:21+05:30
रांची, स्वतंत्रता दिवस राज्य भर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी...
रांची, स्वतंत्रता दिवस राज्य भर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने परेड की सलामी ली और झण्डोतोलन किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य के विकास की रूपरेखा की जानकारी दी और विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने राज्य में होनेवाली नियुक्तियों के संबंध में भी पूरी जानकारी दी।
सचिवालय में झंडोत्तोलन : स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रोफेसर दिनेश उरांव ने विधानसभा सचिवालय में झंडोत्तोलन किया। झंडोत्तोलन के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
जेल अदालत : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रांची के होटवार बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में आज जेल अदालत का आयोजन किया गया। इसमें पन्द्रह कैदियों को छोड़ा गया। इसके लिए सात न्यायिक बेंचों का गठन किया गया था। इसमें विभिन्न अदालतों के ग्यारह मामलें सुनवाई के लिए रखे गये थे। इस अवसर पर सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त अनंत विजय सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रजनीकांत समेत कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद थे।
स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह के साथ ही सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों और गैर सरकारी संगठनों समेत विभिन्न स्थानों पर समारोह आयोजित कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
राज्य के विभिन्न जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उपराजधानी दुमका के पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इधर, ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने खूंटी में, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह गुमला के परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम, कल्याण मंत्री लुईस मरांडी ने गोड्डा में, पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के गोपाल मैदान में संसदीय कार्य मंत्री सरयू राय ने, देवघर जिला मुख्यालय स्थित के.के. स्टेडियम में श्रम और कौशल विकास मंत्री राज पलीवार ने, रामगढ़ में जलसंसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने, कोडरमा के बागाटांड़ स्टेडियम में मानव संसाधन विकास मंत्री नीरा यादव ने, बोकारो के पुलिस लाईन में भू राजस्व मंत्री अमर बाउरी ने और पलामू जिला मुख्यालय डालटनगंज स्थित पुलिस स्टेडियम में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।