
सनटैन हटाएं घरेलू तरीकों से
| | 2015-06-07T14:49:57+05:30
गर्मी अब बढ़ रही है। सूरज का तापमान दिन में अधिक होने के कारण घर से बाहर निकलना मुस्किल लगता है। डर...
गर्मी अब बढ़ रही है। सूरज का तापमान दिन में अधिक होने के कारण घर से बाहर निकलना मुस्किल लगता है। डर लगता है अधिक देर बाहर रहने से सनटैन न हो जाए त्वचा पर। कब तक हम बंद कमरे में शाम का इंतजार कर सकते हैं, काम के लिए बाहर तो जाना ही पड़ता है। अगर सनटैन हो भी जाए तो घबराएं नहीं घरेलू तरीकों से उन्हें दूर किया जा सकता है।
- कच्चे आलू को धोकर छिलका उतार कर मिक्सी में उसका पेस्ट बना लें, उस पेस्ट को प्रभावित त्वचा पर अच्छी तरह से लगा कर आधे घंटे तक सूखने दें। उसके बाद त्वचा को ताजे पानी से धो डालें। अधिक अच्छे परिणाम हेतु उस पेस्ट में थोड़ा नींबू का रस मिलाएं।
- सनटैन हटाने के लिए खीरे का रस भी लाभप्रद होता है। खीरे का रस त्वचा को ठंडक प्रदान करता है। खीरे में विटामिन सी त्वचा को नमी देता है।दो चम्मच खीरे के रस में एक चम्मच नींबू का रस और एक चुटकी हल्दी मिलाएं। त्वचा पर लगाएं और आधे घंटे बाद ताजे जल से त्वचा धो लें। अगर रस नहीं निकाल पा रहे तो खीरे के टुकड़े को त्वचा पर गरड़ा भी जा सकता है।
- ओटमील पाउडर में छाछ बराबर मात्रा में मिलाये और पेस्ट को 20 मिनट तक सनटैन से प्रभावित त्वचा पर लगाएं। उसके बाद त्वचा को ताजे पानी से धो डालें। कुछ दिनों में त्वचा में निखार दिखाई देगा।
- चंदन का पाउडर हमारा घरेलू ब्यूटी प्रॉडक्ट है। इसका प्रयोग हम सनटैन हटाने में भी कर सकते हैं। चंदन व हल्दी पाउडर को बराबर मात्रा में मिलाकर गुलाब जल मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं और प्रभावित त्वचा पर तब तक लगाएं जब तक पेस्ट सूख न जाए। फिर ताजे पानी से धो लें। सप्ताह में दो बार इसका प्रयोग कर सकते हैं।
- दही के प्रयोग से भी सनटैन को हटाया जा सकता है। दही भी त्वचा को ठंडक देती है। दही में त्वचा के रोमछिद्रों को टाइट करने की क्षमता भी होती है। त्वचा के लिए दही का प्रयोग अच्छा माना गया है। दही में टमाटर और नींबू का रस मिलाकर लगाने से बेहतर परिणाम निकल सकते हैं।
- भीगे हुए 5-6 बादाम को छीलकर दूध के साथ पीस लें। इस पेस्ट को रात्रि में सोने से पूर्व प्रभावित त्वचा पर लगा कर छोड़ दें। प्रात: ताजे पानी से साफ करें। यह स्क्रब का काम भी करता है। शुरूआत में दो सप्ताह तक प्रतिदिन लगाएं। बाद में सप्ताह में दो बार इसका इस्तेमाल करें।
- सनटैन हटाने के लिए कच्चा दूध या कच्चे दूध की क्रीम का प्रभावित त्वचा पर प्रयोग करने से लाभ मिलता है। एक कटोरी कच्चे दूध में थोड़ा दही और नींबू का रस मिलाएं और सनटैन वाली त्वचा पर लगा कर छोड़ दें। सूखने पर ताजे पानी से धो लें।
- एलोवेरा जैल भी सनटैनिंग को हटाने में मदद करता है। त्वचा पर एलोवेरा जैल रात्रि में लगाकर सो जाएं और प्रात: उठकर ताजे पानी से त्वचा साफ कर लें। एक सप्ताह के नियमित प्रयोग से आपको अंतर दिखने लगेगा।
- नींबू त्वचा पर बलीच का काम करता है। नींबू का जूस निकाल कर प्रभावित त्वचा पर लगाकर छोड़ दें। सूखने पर उसे ताजे पानी से धो लें। ज्यादा प्रभाव हेतु नींबू के रस में थोड़ी सी चीनी मिलाकर लगाएं। नींबू ब्लीच का काम त्वचा पर करेगा और चीनी कलींजर का। सप्ताह में दो बार ही इस नुस्खे को प्रयोग में लाएं।