
शिक्षा का अलख जगा रहे एकल विद्यालय : मोदी
| | 2016-01-21T10:40:53+05:30
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के सुदूर गांवों में शिक्षा का अलख जगाने में एकल...
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के सुदूर गांवों में शिक्षा का अलख जगाने में एकल विद्यालय के योगदान की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली में जीटीवी के संचालक डा. सुभाष चंद्रा की जीवनी पर आधारित उनके द्वारा लिखित पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि सुदूर गांवों में एकल विद्यालय चलाने में सुभाष चंद्रा का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज देशभर के सुदूर गांवों में 52 हजार एकल विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है।
एकल विद्यालय से जुड़े रहने के दौरान सुभाषचंद्रा ने झारखंड में संचालित एकल विद्यालयों का परिदर्शन किया था।
प्रधानमंत्री ने सुभाष चंद्रा के व्यक्तित्व की चर्चा करते हुए कहा कि वह समाज सेवा के लिये समय निकाल लेते हैं। उन्होंने कहा कि सुभाषचंद्रा के पिता भी सामाजिक कार्यों में रूचि लेते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने सुभाष चंद्रा को कभी तनाव में नहीं देखा। प्रधानमंत्री ने सुभाष चंद्रा से जुड़ी पुरानी यादों को याद किया एवं संस्मरण सुनाए। उन्होंने कहा कि हालांकि समयाभाव के कारण उन्होंने सुभाष चंद्रा की पुस्तक नहीं पढ़ी है फिर भी उन्हें आशा है कि उन्होंने पुस्तक में पत्रकारिता की चर्चा की होगी जिसका लाभ पत्रकारों को मिल सकेगा। इस अवसर पर मीडिया जगत के प्राय: संचालक मसलन इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन अरुणपुरी, इंडियी टी.वी के चेयरमैन रजत शर्मा भी उपस्थित थे। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद मुलायाम सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर पूर्व सांसद अमर सिंह सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे। डा. सुभाष चंद्रा ने तमाम आगंतुकों का स्वागत किया।