
विश्व सांस्कृतिक महोत्सव पर रास में हंगामा
नयी दिल्ली, कांग्रेस, जनता दल(यू) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों ने विश्व सांस्कृतिक...
नयी दिल्ली, कांग्रेस, जनता दल(यू) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के सदस्यों ने विश्व सांस्कृतिक महोत्सव को स्थगित करने की मांग को लेकर आज राज्यसभा में भारी हंगामा किया जिसके कारण सदन की बैठक दो मिनट के लिए स्थगित कर दी गयी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने पर जनता दल(यू) के नेता शरद यादव ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक श्रीश्री रविशंकर दिल्ली में यमुना नदी के किनारे एक हजार एकड़ में विश्व सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं जिससे पर्यावरण को खतरा है। श्री यादव ने कहा कि इस आयोजन के लिए अनुमति भी नहीं ली गई है और निजी आयोजन के लिए निर्माण कार्य में फौज का भी उपयोग किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि किस दबाव में यह आयोजन किया जा रहा है।
संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण में चल रहा है और इस आयोजन को अनुमति दी गयी है।
माकपा के सीताराम येचुरी ने कहा कि क्या निजी आयोजन में पान्टुन पुल के निर्माण के लिए सेना को बुलाया गया था। सदन में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह आर्ट आफ लिविंग के कार्यक्रम के आयोजन के खिलाफ नहीं है लेकिन कार्यक्रम के आयोजन की पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृति नहीं ली गयी है। श्री आजाद ने कहा कि देश में आतंकवादियों के घुसपैठ की खबर है जिसकी पुष्टि पुलिस ने की है। ऐसी स्थिति में यमुना की कीमत पर इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जाना चाहिए।