
विधायकों-सांसदों को सांगा में आवासीय भूखंड
रांची, नगर विकास मंत्री सी.पी. सिंह ने आज विधानसभा में बताया कि सांसदों- विधायकों को रांची में...
रांची, नगर विकास मंत्री सी.पी. सिंह ने आज विधानसभा में बताया कि सांसदों- विधायकों को रांची में आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के लिए एक सहकारी समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष हैं और वे खुद समिति के मुख्य कार्यपालक हैं, जबकि पूर्व विधायक सावना लकड़ा इस समिति के कोषाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि आवासीय भूखंड को लेकर कई विधायकों और पूर्व विधायकों की ओर से साढ़े पांच सौ रूपए जमाकर सदस्यता ग्रहण की गयी और बाद में सभी ने 75 हजार रूपये जमा कराये। उन्होंने बताया कि सारी राशि राजधानी में अवस्थित रांची-खूंटी सेंट्रल बैंक में जमा है। नगर विकास मंत्री ने बताया कि पिछले दिनों रांची के सांगा में खाली पड़े भूखंड का उन्होंने विधायक नवीन जायसवाल, जीतू चरण राम और साधु चरण महतो के साथ निरीक्षण किया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी विधायकों को आवासीय भूखंड सांगा में उपलब्ध कराने पर सहमति प्रदान की है और इस दिशा में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। सी.पी. सिंह ने यह भी जानकारी दी कि को-ऑपरेटिव गठित करने के बाद रसीद छपाई और अन्य जो भी काम हुए, वे सारे काम व्यक्तिगत खर्च के माध्यम से हुए। सारी राशि उन्होंने अपने जेब से खर्च की है।