
विधवा महिलाओं को हर संभव सहयोग : सीपी सिंह
रांची, नगर विकास एवं परिवहन मंत्री सी.पी. सिंह ने कहा कि नारीशक्ति बीपीएल सूची उपलब्ध कराये। सूची...
रांची, नगर विकास एवं परिवहन मंत्री सी.पी. सिंह ने कहा कि नारीशक्ति बीपीएल सूची उपलब्ध कराये। सूची उपलब्ध होने पर नारीशक्ति से जुड़ी महिलाओं को लाल राशनकार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं को भटकने की आवश्यकता नहीं है।
श्री सिंह होटल सिटी पैलेस में नारी शक्ति महिला संगठन द्वारा आज आयोजित सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने नारी शक्ति से जुड़ी 250 महिला समितियों की सूची उपलब्ध कराने को कहते हुए कहा कि सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलायी जाती है। लेकिन जानकारी के अभाव में महिलाएं उसका लाभ नहीं उठा पाती हैं। श्री सिंह ने अटल पेंशन योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को इस योजना का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार विधवा महिलाओं को हरसंभव सहयोग करेगी। नारीशक्ति झारखण्ड प्रदेश की अध्यक्ष आरती बेहरा ने कहा कि प्रदेश के हर घर की विधवा महिला को जबतक पेंशन नहीं मिलता है तबतक नारीशक्ति उन्हें मदद करेगा। उन्होंने कहा कि नारीशक्ति से जुड़ी प्रदेश की 14000 विधवा महिलाएं अपने हक के लिए आंदोलन करने के लिए सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। श्रीमती बेहरा ने कहा कि विधवा महिलाओं के सम्मान के लिए सरकार उन्हें पेंशन योजना से लाभान्वित करे। नगर विकास विभाग के निदेशक शशि शेखर सिंह ने कहा कि समाज में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जितनी विधवा महिलाएं हैं सबों को आवास उपलब्ध कराये जायेंगे। शहरी क्षेत्र में राजीव गांधी आवास योजना एवं ग्रामीण क्षेत्र में इंदिरा आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। सम्मेलन में पुष्पा नायक, रेखा कुमारी, आशा सिंह, प्रियंकी सिन्हा एवं सुप्रिया सिन्हा सहित अन्य विधवा महिलाएं आज नारीशक्ति से जुड़ी। सम्मेलन में मैनो तिर्की, चंदू तिर्की, शबनम मुनेजा, संगीता, सुनीता उरांव, लक्ष्मी देवी, रानी देवी, उर्मिला यादव, नूतन देवी सहित काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।