
रिमोट कंट्रोल से चल रही रघुवर सरकारः हेमंत
मेदिनीनगर,ः राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य की सरकार...
मेदिनीनगर,ः राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रतिपक्ष के नेता हेमंत सोरेन ने कहा है कि राज्य की सरकार दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के सहारे चल रही है। श्री सोरेन आज यहां परिसदन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अराजकता का माहौल है और पदाधिकारी बेलगाम हो गये हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और विकास का लाभ आम आवाम तक नहीं पहुंच रहा है। इस बात को मुख्यमंत्री रघुवर दास भी स्वीकार करते हैं। बालूघाटों की नीलामी पर सवाल उठाते हुए श्री सोरेन ने कहा कि जब पूर्ववर्ती यूपीए की सरकार में बालूघाटों की नीलामी शुरू की थी तो भाजपा के लोग विरोध कर रहे थे। आज उसी तर्ज पर भाजपा की सरकार बालूघाटों की नीलामी कर रही है। राज्य में स्थानीय नीति लागू नहीं किये जाने पर भी उन्होंने रघुवर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति लागू नहीं रहने के कारण यहां के लोगों को नौकरी नहीं मिल रही है। अधिकारियों के हो रहे तबादले पर श्री सोरेन ने कहा कि राज्य की रघुवर सरकार ने तबादला उद्योग स्थापित कर दिया है, जिस कारण अधिकारी सकते में हैं। विधायक-सांसद ने परिसदन को बनाया आशियाना : श्री सोरेन ने आरोप लगाया कि पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम और हुसैनाबाद के विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने डालटनगंज परिसदन को आशियाना बना रखा है। उन्होंने कहा कि परिसदन कुछ घंटे या एक-आध दिन रूकने के लिए होता है, घर बनाने के लिए नहीं। उन्होंने कहा कि इस मसले को वह विधानसभा के मानसून सत्र में उठायेंगे। उन्होंने कहा कि पलामू की अन्य जल्वंत समस्याओं पर भी वह मानसूत्र सत्र में आवाज बुलंद करेंगे।