
रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार दिए सीएम अखिलेश ने
| | 2016-12-19T15:20:05+05:30
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी लोग अपना काम लेकर जनता के बीच खड़े हैं।...
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी लोग अपना काम लेकर जनता के बीच खड़े हैं। समाजवादियों का काम बोलता है। आने वाले समय में लोगों के बीच ये बात जाएगी कि काम बोलता है या फिर जुमला बोलता है।
मुख्यमंत्री लोक भवन में रानी लक्ष्मीबाई वीरता पुरस्कार एवं सम्मान समारोह के दौरान बोल रहे थे। सोमवार को लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जुमला बोलने वाले लोग दिखाई नहीं देंगे। जनता ने अच्छे दिन की उम्मीद में खूब मतदान किया कि शायद अच्छे दिन आ जाएंगे हालांकि हमें अभी तक अच्छे दिन दिखाई नहीं दे रहे, अगर आपको दिखाई दे रहे हों तो जरूर बताना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहुत प्रतिभाएं छिपी हैं और हम प्रतिभाओं को सम्मानित करने में कभी पीछे नहीं रहे। चाहे कवि हों, साहित्यकार हों या फिर खिलाड़ी, हमने सभी को सम्मानित किया है। इसके अलावा महिलाओं को सम्मानित करने में भी प्रदेश सरकार आगे है। उन्होंने कहा कि 1090 ऐसी व्यवस्था है, जिसने बेटियों को बड़े पैमाने पर लाभ पहुंचाया है। इससे महिलाओं को बेहद मदद मिली है। अभी तक 06 लाख महिलाओं की 1090 के जरिए मदद की जा चकी है।