
राज्य का विकास नहीं, भ्रष्टाचार व महंगाई चरम पर : बलमुचू
रांची, भ्रष्टाचार एवं महंगाई के खिलाफ आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने राजभवन...
रांची, भ्रष्टाचार एवं महंगाई के खिलाफ आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने राजभवन के समक्ष एक दिवसीय महाधरना दिया। महाधरने में राज्यसभा सांसद डा.प्रदीप कुमार बलमुचू, धीरज प्रसाद साहू, ंपूर्व सांसद रामेश्वर उरांव तथा फुरकान अंसारी तथा उनके समर्थकों ने हिस्सा लिया। महाधरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत समेत प्रदेश कांग्रेस के अन्य पदधारी नजर नहीं आये। महाधरना के बाद राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा। महाधरने को संबोधित करते हुए डा.बलमुचू ने कहा कि राज्य के गठन के 15 सालों में साढ़े बारह साल भाजपा की सरकार झारखंड की सत्ता में रही। लेकिन राज्य का कोई विकास नहीं हुआ। वहीं इस राज्य के साथ उतराखंड तथा छत्तीसगढ़ का भी गठन हुआ। लेकिन विकास के रास्ते पर वह आगे निकल गये जबकि खनिज संपदा से भरपूर झारखंड पिछड़ गया। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। बिना पैसे लिये ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं हो रही है। राज्य की विधि व्यवस्था चरमरा गयी है। सीएम आवास के सामने हत्या हो रही है। महंगाई चरम सीमा पर है। तेल तथा दाल 160 रुपये किलो मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को खदेड़कर नीचे उतारने की जरूरत है।
जनता-किसान हैं परेशान : पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि कार्यक्रम में अध्यक्ष आये या ना आये, यह उनकी कार्यशैली है। लेकिन हमलोग चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में महंगाई तथा घूसखोरी बढ़ी है। इसके जनता तथा किसान परेशान हैं।
लोगों को गुमराह कर रही है मोदी सरकार : महाधरने को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मोदी सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। लोगों को गुमराह करके ही भाजपा सत्ता में काबिज हुई है। लेकिन अब इसे जनता समझ रही है तथा जनता सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी। अब आंदोलन को और आगे बढ़ाया जायेगा। अब भ्रष्टाचार तथा महंगाई के खिलाफ महारैली का आयोजन किया जायेगा। महाधरने में मुख्य रुप से मदन मोहन शर्मा, सत्यनारायण सिंह, सुरेन राम, जयशंकर पाठक, सतीश पाल मुंजिनी, राजेश रंजन, गुलफाम मुजिबी, चंचल चटर्जी, आर.पी.राजा, बाबी मल्लिक, श्रीकांत तिवारी, सच्चिदानंद चौधरी आदि उपस्थित थे।