
राजग में सीट बंटवारे पर बनीं सहमति
| | 2015-09-13T11:01:36+05:30
नयी दिल्ली, एनडीए में सीटों के बंटवारें पर हो रहा विवाद थम गया है। करीबी सूत्रों से आ रही जानकारी...
नयी दिल्ली, एनडीए में सीटों के बंटवारें पर हो रहा विवाद थम गया है। करीबी सूत्रों से आ रही जानकारी के अनुसार बिहार में कुल 243 सीटों को लेकर गंठबंधन में सहमति बन गयी है। सूत्रों की मानें तो 162 सीटों पर भाजपा खुद चुनाव लड़ेगी। रामविलास पासवान नित लोक जनशक्ति पार्टी 41 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसी प्रकार जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 15 सीट दी जायेगी। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को बिहार में चुनाव लड़ने के लिये 25 सीटें प्रदान की जायेंगी। बिहार चुनाव प्रभारी अनंत कुमार ने कहा, सीटों पर फैसला हो गया है।
भाजपा के सख्त होते ही रामविलास के तेवर नरम पड़ गये। इसका परिणाम यह हुआ कि लोजपा सुप्रीमो रात के साढ़े 11 बजे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मिलने पहुंचे। लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि सीटों के बंटवारे का मामला सुलझ गया है। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी अनंत कुमार ने भी कहा कि पासवान के साथ अच्छी बातचीत हुई।
बताया जा रहा है कि लोजपा और भाजपा के बीच फंसे पेंच में नरेंद्र सिंह के बेटों के टिकट का मामला तथा भाजपा द्वारा लोजपा से उम्मीदवारों के नाम मांगना है। सीट शेयरिंग के मामले में भाजपा अब काफी सोच-समझ कर कदम रख रही है। भाजपा नेतृत्व इस मुद्दे को बहुत तूल इसलिए नहीं देना चाहता है कि इसको लेकर कोई ऐसा संदेश न जाये कि महागंठबंधन को कहने का कुछ मौका मिल जाये। भाजपा नेता इस बात से भी सकते में हैं कि वे लोग सबसे अधिक निश्चिंत रामविलास पासवान को लेकर ही थे। रालोसपा व हम तो भाजपा के साथ पूरी तरह खड़ी नजर आये, लेकिन भाजपा के साथ पहले से खड़ी लोजपा के रुख में गुरुवार की शाम से परिवर्तन आ गया था।