
रांची में माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम
रांची, राजनीतिक तथा प्रशासन द्वारा त्वरित पहल कर रांची में असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की...
रांची, राजनीतिक तथा प्रशासन द्वारा त्वरित पहल कर रांची में असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश नाकाम कर दी गयी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त कर दी गयी है और एहतियात के तौर पर धारा 144 लगा दी गयी है। कल रात और आज सबेरे कुछ छिटपुट घटनाओं के बाद कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। पुलिस प्रशासन की पूरे शहर पर पैनी निगाह है।
डोरंडा में कल एक धार्मिकस्थल के पास प्रतिबंधित मांस के टुकड़े फेंक दिये जाने के मामले को लेकर आज दिन भर राजधानी रांची अशांत रही। विश्वहिन्दू परिषद ने इस घटना के विरोध में रांची बंद का आह्वान किया था। घटना के विरोध में दुकानों को बंद कराने के दौरान कई स्थानों पर दोनों समुदायों के लोग सड़कों पर उतर गए। कई स्थानों पर टायर जलाकर घटना का विरोध किया गया। कई स्थानों पर जाम कर दिया गया। जिससे लोगों को परेशानी हुई। डोरंडा, हीनू, हरमू, अरगोड़ा मेन रोड एवं चुटिया सहित अन्य स्थानों पर दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए।
मुख्यमंत्री रघुवर दास बिहार में चुनाव प्रचार करने के बाद जब बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरे तो उन्हें घटना की जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक डी.के. पांडेय को बुलाया और वह काफिले के साथ अशांत क्षेत्रों में गए और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री से एक समुदाय के उत्तेजित लोगों ने धार्मिक स्थल को कथित रूप से अपवित्र करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी परन्तु कानून एवं व्यवस्था को बिगाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री की इस पहल से लोग शांत हुए।