
योगमय हुई रांची, तैयारियां जोरों पर
| | 2015-06-18T11:25:14+05:30
रांची, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा लेकिन राजधानी रांची अभी से योगमय हो गया...
रांची, आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा लेकिन राजधानी रांची अभी से योगमय हो गया है। झारखंड सरकार की ओर से मोरहाबादी में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शहर में अनेक स्थानों पर होर्डिंग लगायी गयी है जिनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का चित्र है जिसमें वह पद्मासन की मुद्रा में हैं। मोरहाबादी में सुबह साढ़े छह बजे सुबह मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में हजारों लोग योगाभ्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में आम जनता को आमंत्रित किया गया है।
योगदा सत्संग के सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में ध्यान का कार्यक्रम भी होगा। योगदा सत्संग के सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में योग के प्रति लोगों में जागरूकता लाने की पहल की है जो सराहनीय है। योगदा सत्संग सोसाइटी का मानना है कि भारत को योग का पिता कहा जाता है। 1930 में स्वामी योगानन्द ने अमेरिका सहित अन्य देशों में योग का प्रचार किया जो अब 176 देशों में लोकप्रिय हो गया है।
योगदा सत्संग सोसाइटी के विश्व भर में स्थित 500 केन्द्रों में 21 जून को योग दिवस मनाया जाएगा। रांची में बाबा रामदेव की संस्था पतंजलि योग समिति की ओर से सेल सेटेलाइट कालोनी में योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है जिसमें सेल के कर्मी एवं आम आदमी भाग लेंगे। खबर है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगदा सत्संग सोसाइटी के द्वारा राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को योग का अभ्यास कराया जाएगा।
मुंगेर के प्रमुख योग केन्द्र के द्वारा भी रांची में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। श्री श्री गुरुजी रविशंकर के केन्द्र के द्वारा भी योग दिवस का आयोजन किया गया है।