
माल गोदामों का मार्ग बड़ा लाल स्ट्रीट
| | 2015-08-26T08:42:18+05:30
रांची : अपर बाजार का बड़ा लाल स्ट्रीट पूर्वाह्न नौ बजे से ही जाम एवं गहमा गहमी का केंद्र बन जाता है।...
रांची : अपर बाजार का बड़ा लाल स्ट्रीट पूर्वाह्न नौ बजे से ही जाम एवं गहमा गहमी का केंद्र बन जाता है। पिछले कुछ सालों में इस मार्ग पर दिन भर ट्रकों पर लोडिंग होते रहती है। माल से लदे ट्रक जब मार्ग पर आते हैं तो पूरा मार्ग ही जाम हो जाता है। लोगों की परेशानी देखते बनती है। जाम में फंसे लोगों में तू-तू, मैं-मैं आम बात हो गयी है।
इस मार्ग पर कहीं ट्रक पर सिमेंट की लोडिंग एवं अन लोडिंग होती है तो कहीं पर अन्य सामानों की। इस संकरे मार्ग पर अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुल गए हैं जिसके कारण सड़क के किनारे छोटे एवं बड़े वाहनों की कतार लगी रहती है। जाम के कारण हालत इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलने वालों की तो मुसीबत आ जाती है।
इस मार्ग के एक दुकानदार ने बताया कि यह मार्ग अब गोदामों का मार्ग बन गया है। उन्होंने बताया कि जाम का सबसे बड़ा कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों का खड़ा करना है। इस मार्ग पर दिन में भी बड़े ट्रकों की आवाजाही पर कोई रोक टोक नहीं है। इस मार्ग को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए कई बार पुलिस प्रशासन से गुहार की गयी परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
वस्तुत: बड़ा लाल स्ट्रीट एक साथ कई मार्गों को जोड़ता है। इस मार्ग से सेवा सदन जाना पड़ता है। यह मार्ग अपर बाजार के सभी मार्गें को जोड़ता है।
आमतौर पर देखा गया है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन जारी रहता है। आए दिन जाम के दौरान छिटपुट घटनाएं होती रहती है। कारपोरेट जगत के एक बड़े अधिकारी ने कहा कि अपर बाजार का बड़ा लाल स्ट्रीट जाना हो तो कहीं खाली जगह पर ही गाड़ी खड़ी कर दें अन्यथा फंस जायेंगे जाम में। इस मार्ग के जाम रहने की एक बड़ी समस्या है कुछ व्यवसाइयों द्वारा स्लैब लगाकर सड़क पर कब्जा कर लेना। सुबह से ही मार्ग की दोनों तरफ बेतरतीब ढंग से दोपहिये वाहन खड़े कर दिये जोत हैं। ट्रकों की कतार लग जाती है जिसके कारण सड़क संकरी होती जा रही है।
राजधानी रांची का यह इलाका कभी ट्रैफिक जाम से मुक्त रहता था परन्तु अब यह जाम का प्रमुख केंद्र बन गया है।
जाम रहने के बावजूद सभी वाहन चालकों में आगे निकलने की होड़ सी मची रहती है परिणाम स्वरूप जाम और भी गहरा जाता है। इस मार्ग की दोनों तरफ प्रतिष्ठान सह आवासीय घर हैं जिनमें वर्षों से लोग रह रहे हैं। दिनभर वाहनों की करकस हार्न आवाज से ध्वनि प्रदूषण फैलते रहता है और लोग उसे बर्दाश्त करते रहते हैं। यह सिलसिला नौ बजे रात तक जारी रहता है परिणाम स्वरूप बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। बड़ा लाल स्ट्रीट पर नाला का निर्माण किया गया है जो ऊंचा हो गया है जिसके फलस्वरूप लोग रोड के किनारे गाड़ियां खड़ी कर दी जाती है जिससे सड़क और संकरी हो जाती है।