
मारू, अर्जुन, राकेश और शहनवाज के नाम चर्चा में
रांची, झारखंड से राज्यसभा की खाली एक सीट पर चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीतिक सभा तेज हो...
रांची, झारखंड से राज्यसभा की खाली एक सीट पर चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य की राजनीतिक सभा तेज हो गयी है। सभी दल इस सीट के लिए रणनीति बनाने में जुट गये हैं। चूंकि एक ही सीट का चुनाव होना है और इसके लिए भाजपा के पास पर्याप्त संख्या बल है। ऐसे में सबसे ज्यादा भाजपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गयी है। भाजपा ने इस सीट से चुनाव लड़ने की संभावना को लेकर जिन नामों की चर्चा चल रही है उनमें सबसे उपर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू के नाम हैं। इनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद भी उम्मीदवार की कतार में लगे बताये जाते हैं। इस सीट से भाजपा के केन्द्रीय नेता शहनवाज हुसैन को भी लड़ाये जाने की चर्चा है, लेकिन डर इस बात का है कि इस नेता को यदि झारखंड में लाया गया तो कार्यकर्ताओं की नाराजगी जोर पकड़ सकती है। भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही बोर्डों और निगमों को लेकर नाराज चल रहे हैं। लेकिन जो भी निर्णय होगा वह केन्द्रीय नेतृत्व का होगा। ऐसे में सवाल यह है कि क्या केन्द्र के निर्णय का प्रदेश के भाजपा नेता विरोध कर पायेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह सीट केडी सिंह के इस्तीफा देने से खाली हुआ है। उनका कार्यकाल सात जुलाई 2016 को समाप्त होना था, लेकिन उन्होंने 19 फरवरी 2014 को इस्तीफा दे दिया। इस सीट से अभी जो सांसद चुने जायेंगे। उनका कार्यकाल अगले वर्ष जुलाई में समाप्त हो जायेगा। संभावना है कि चुने गये सांसद को ही इस सीट से अगली पारी का मौका दिया जा सकता है। भाजपा का सकारात्मक पहलू यह है कि अभी की परिस्थिति में वह अपने उम्मीदवार को जीताने की स्थिति में है।