
भारी सुरक्षा के बीच 19 को होंगे लोस व विस के उप चुनाव
गुवाहाटी (हि.स.)। असम के लखीमपुर लोकसभा और बैठालांग्सू विधानसभा के लिए आगामी कल शनिवार को होने वाले...
गुवाहाटी (हि.स.)। असम के लखीमपुर लोकसभा और बैठालांग्सू विधानसभा के लिए आगामी कल शनिवार को होने वाले उप चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव वाले इलाकों में सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को तैनात कर दिया गया है। आज सुबह से सभी बूथों के लिए पोलिंग अधिकारियों और प्रिजाइडिंग अधिकारियों को रवाना करने का कार्य आरंभ हुआ। मतदान सुबह 7 से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। मतों की गिनती का कार्य आगामी 22 नवम्बर को होगा। उप चुनाव में मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला माना जा रहा है। बीते कल शाम तक दोनों ही पार्टियों की ओर से शांतिपूर्ण चुनाव प्रचार अभियान संपन्न हो गया। उल्लेखनीय है कि लोकसभा उप चुनाव में कुल 5 उम्मीदवार हैं। जिसमें भाजपा की ओर से प्रदान बरुवा, कांग्रेस की ओर से डा. हेमाहरी प्रसन्न पेगु, सीपीआई-एम की ओर से अमिया कुमार हैंडिक, एसयूसीआई की ओर से हेमकांत मिरी और निर्दलीय के रूप में दिलीप मोरान शामिल हैं। लखीमपुर लोकसभा की सीट सर्वानंद सोनोवाल के मुख्यमंत्री बनने के कारण खाली हुई थी। वहीं बैठालांग्सू (एसटी) सीट कांग्रेस के विधायक मानसिंह रांग्पी के चुनाव जीतने के कुछ दिनों बाद ही इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण खाली हुई थी। भाजपा ने मानसिंह रांग्पी को ही बैठालांग्सू से अपना उम्मीदवार बनाया है। दोनों इलाकों में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री सोनोवाल और शिक्षा मंत्री डा. हिमंत विश्वशर्मा ने चुनाव प्रचार में भाग लेते हुए मतदाताओं से भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा के साथ ही अन्य कई नेताओं ने चुनाव प्रचार में हिस्सा लिया।