
भारत, रूस मिल कर बनायेंगे हेलीकाप्टर
मास्को, भारत और रूस ने अपने सामरिक संबंधों को बड़ी गति प्रदान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग...
मास्को, भारत और रूस ने अपने सामरिक संबंधों को बड़ी गति प्रदान करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिये 16 समझौतों पर हस्ताक्षर किये। जिनमें 226 सैन्य हेलीकाप्टर का संयुक्त निर्माण और 12 परमाणु संयंत्र स्थापित करना शामिल है, जिसमें भारत की स्थानीय कंपनियों की सहभागिता होगी।
रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के साथ विस्तृत बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकी समूहों और इसके निशाने वाले देशों के बीच बिना किसी भेदभाव और अंतर किये बिना एकजुट होकर पूरी दुनिया के आतंकवाद के खिलाफ लड़ने की जरूरत को रेखांकित किया। इसे एक तरह से इस बुराई के स्रोत माने जाने वाले पाकिस्तान जैसे देशों के संबंध में देखा जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में आतंकवाद पर चिंता व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों ने इस वैश्विक बुराई के खिलाफ संयुक्त लड़ाई पर जोर दिया। साथ ही इस संबंध में चुनिंदा और दोहरा मापदंड नहीं अपनाने की बात कही गयी। पुतिन ने बताया कि रूस संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के प्रयासों का पुरजोर समर्थन करता है।