
पिता की हत्या कर बेटा फरार
| | 2017-01-02T12:03:56+05:30
संवाददातारांची : लालपुर थाना क्षेत्र के शेरे पंजाब होटल गली स्थित एक घर में रविवार को एक हैवान बेटे...
संवाददाता
रांची : लालपुर थाना क्षेत्र के शेरे पंजाब होटल गली स्थित एक घर में रविवार को एक हैवान बेटे ने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। पिता की हत्या करने के बाद बेटा फरार है। मृतक का नाम रफीक मियां और आरोपी बेटे का नाम जाहिद उर्फ गुड्डू है। घटना के पीछे पिता-पुत्र के बीच पिछले कई माह से चला आ रहा आपसी विवाद बताया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिता ने अपने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के बाद मामला थाने तक पहुंचा था। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रविवार की रात पुलिस को रफीक मियां की हत्या की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस मियां के घर पहुंचकर उसके शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। मृतक के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान पाये गये हैं और घटनास्थल पर काफी मात्रा में शव बिखरा हुआ है जिसे देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि मियां की हत्या चाकू से गोदकर की गयी है। हालांकि पुलिस को घटनास्थल किसी प्रकार का कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है और हत्यारोपित बेटा की तलाश कर रही है।
पत्नी, बेटा और बेटी से अलग रहता था मृतक
प्राप्त सूचना के अनुसार मृतक अपने बेटे को बेदखल करने के बाद अकेले घर में सबसे अलग रहता था। वह अपने घर में अपना खाना भी अलग बनाता था। मृतक की पत्नी, बेटी और आरोपित बेटा एक साथ रहते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटा अक्सर अपने पिता से झगड़ा करता रहता था। कयास लगाया जा रहा है कि संपत्ति के लालच में बेटे ने अपने पिता की हत्या की है। सूत्रों की मानें तो घर और जमीन का कागजात मृतक के नाम से ही था।
आज बाप के मार देलिअउ...
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी गुड्डु शनिवार की शाम शेरे पंजाब होटल के पास से कही जा रहा था। इस दौरान होटल के पास खड़े कुछ लोगों से वह कह रहा था कि आज बाप के मार देलिअउ...। उसकी बातो पर कोई ध्यान नही दिया जिसके बाद वह और भी कुछ-कुछ कहता हुआ वहां से आगे बढ़ गया। जब रविवार को दिन भर मोहल्ले का कोई भी मियां को नहीं देखा तो कुछ लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में कुछ लोग उसके घर गये तो देखा कि मियां अपने घर के पहले तल्ले की सीढ़ी के पास गिरा हुआ है और खून से लथपथ है। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतक के घर के आस-पास मौजूद लोग कयास लगा रहे हैं कि रफीक की हत्या शनिवार को ही कर दी गयी है।
40 पिस्टल के साथ 1995 में गिरफ्तार हुआ था मृतक
मृतक रफीक पहले हथियार सप्लाई का काम करता था और वह बाहर से भारी मात्रा में हथियार लाकर रांची और आस-पास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करता था। 1995 में लालपुर पुलिस ने रफीक को उसके घर से 40 पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। उस समय रफीक, आरोपी बेटा और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर हथियार सप्लाई के आरोप में जेल भेजा था।