
दिल्ली को 6-2 से पीटकर रांची की उम्मीदें कायम
नयी दिल्ली : मनप्रीत सिंह के दो शानदार मैदानी गोलों के दम पर रांची रेज ने दिल्ली वेवराइडर्स को...
नयी दिल्ली : मनप्रीत सिंह के दो शानदार मैदानी गोलों के दम पर रांची रेज ने दिल्ली वेवराइडर्स को मंगलवार को 6-2 से पीटकर एचआईएल के पांचवें संस्करण के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को कायम रखा है। रांची की 10 मैचों में यह तीसरी जीत है और उसके 23 अंक हो गये हैं। दिल्ली को 10 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा और उसके खाते में भी 23 अंक हैं। दिल्ली तालिका में चौथे और रांची पांचवें स्थान पर है। उत्तर प्रदेश विजार्ड के नौ मैचों में 23 अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश का आखिरी लीग मुकाबला शीर्ष पर चल रही टीम दबंग मुंबई के साथ बुधवार को चंडीगढ़ में होना है। इस मैच के बाद सेमीफाइनल में जाने वाली शेष दो टीमों की तस्वीर साफ हो पायेगी। मुंबई के 33 अंक के साथ और कलिंगा लांसर्स 28 अंक के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। मनप्रीत ने नौवें और 32 वें मिनट में मैदानी गोल कर रांची को 4-0 से आगे किया। इमरान खान ने 37 वें मिनट में रांची का तीसरा मैदानी गोल दागा और उसे 6-0 से आगे कर दिया।