
दिनेश गोप का करीबी नक्सली धराया
| | 2015-07-12T13:07:18+05:30
रांची, झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत कोलेबिरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन...
रांची, झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत कोलेबिरा थाना क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के एरिया कमांडर बारूद गोप उर्फ विक्रम गोप को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी के पास से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किये गये हैं। सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार विक्रम गोप के खिलाफ सिमडेगा, खूंटी, गुमला और रांची जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई आपराधिक मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ पर पुलिस को कई आपराधिक कांडों में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
बताया गया है कि पुलिस ने इस नक्सली पर पांच लाख रुपये के इनाम का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था। अभी दो दिन पहले ही इस नक्सली पर सिमडेगा में बस के कंडक्टर को बाइक में बांधकर घसीटने के बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर देने का भी आरोप लगा था। गिरफ्तारी के बाद रांची रेंज के डीआईजी अरुण कुमार सिंह सिमडेगा पहुंचे और गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ की।