
डोर्नियर का सुराग नहीं, पनडुब्बी भी करेगी खोज
नयी दिल्ली, : चार दिन पहले लापता हुए तटरक्षक बल के टोही विमान डोर्नियर के बारे में अभी भी कोई सुराग...
नयी दिल्ली, : चार दिन पहले लापता हुए तटरक्षक बल के टोही विमान डोर्नियर के बारे में अभी भी कोई सुराग नहीं मिला है और भारतीय नौसेना तथा तटरक्षक बल के विमानों के साथ-साथ अब नौसेना की पनडुब्बी को भी खोज अभियान में शामिल किया जायेगा। सोमवार रात नियमित उड़ान के दौरान लापता हुए सीजी-791 डोर्नियर विमान के चालक दल के सदस्यों के परिजनों को भी खोज अभियान की जानकारी से अवगत कराया जा रहा है। इस विमान को पायलट विद्यासागर, सह पायलट सुभाष सुरेश और नेविगेटर एम के सोनी उड़ा रहे थे। इनके परिजनों को उम्मीद है कि उनकी प्रार्थना सुनी जायेगी और ये सभी सुरक्षित होंगे। इस अभियान में सारंग, अमेया, अभीक, राजतरंग, सी-415, विग्रह, आईसी-119, आई सी 120, आईएनएस कोरादिव, कारनिकोबार, खुक्री जैसे जहाज हिस्सा ले रहे हैं। नौसेना का पोत आईएनएस संध्यायक भी कल रात से इस अभियान से जुड़ गया। यह पोत अपने सोनार रेडियेशन के जरिये विमान का पता लगाने में जुटा है। इसके अलावा तटरक्षक बल के डोर्नियर तथा टोही विमान पी-8 आई की भी मदद ली जा रही है। हादसे के आस पास के समुद्री क्षेत्र से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गये हैं। नौसेना की एक पनडुब्बी भी जल्द ही तलाशी अभियान में शामिल होने जा रही है।