
झारखंड की कुछ चर्चित महिलाएं
रांची : झारखंड की कई महिलाओं ने बालीवुड के साथ-साथ कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बनायी। बालीवुड की...
रांची : झारखंड की कई महिलाओं ने बालीवुड के साथ-साथ कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बनायी। बालीवुड की चर्चा होने पर दो बड़े नाम जुबान पर आते हैं।
पूर्व विश्व सुंदरी एवं इन दिनों बालीवुड के साथ-साथ हालीवुड में सुर्खियों में रही प्रियंका चौपड़ा झारखंड के जमशेदपुर में पैदा हुई और जब भी वह अपनी जिंदगी की चर्चा करती हैं तो अपने पुराने जमशेदपुर शहर का नाम जरूर लेती हैं। प्रियंका चोपड़ा के नाना-नानी जमशेदपुर में ही रहती थीं। प्रियंका चोपड़ा का झारखंड प्रेम यदाकदा झलकता ही रहता है। प्रियंका चोपड़ा ने ओरमांझी के जैविक उद्यान में शेरणी को गोद लेकर अपने पशु प्रेम को दर्शाया था। विश्व सुंदरी बनने के बाद प्रियंका चोपड़ा रांची आयी थीं तब उन्होंने झारखंड के प्रति अपने प्रेम की चर्चा की थी।
झारखंड की एक और अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने भी नाम कमाया? तनुश्री मिस इंडिया भी रही और कुछ फिल्मों में भी काम किया। तनुश्री दत्ता 2004 में मिस इंडिया बनी थी। मीनाक्षी भी 1991 में मिस इंडिया बनी थी।
सीरियल की दुनिया में बेरमो की रहने वाली पूजा शर्मा भी काफी लोकप्रिय हुई। उन्होंने अभी हाल में नागिन धारावाहिक में काम किया। पत्रकारिता की दुनिया में रांची की अंजना ओमकश्यप दस ग्लैमरस टीवी एंकरों में शामिल है। आज तक चैनल में डिप्टी एडिटर के रूप में कार्यरत अंजना ओम कश्यप एक लेखिका भी हैं। अंजना हिन्दी चैनल न्यूज 24 में उपकार्यपालक प्रोड्यूसर के रूप में काम कर चुकी है। उन्होंने 2003 में जी न्यूज से अपना पत्रकारिता कैरियर प्रारंभ किया। उन्होंने जी न्यूज में सात वर्षों तक काम किया। 2012 में वह आज तक से जुड़ी और फायर ब्रैंड एंकर के रूप में उभरीं। अंजना ने 16 दिसम्बर के दिल्ली गैंग रेप को कवर किया और सुर्खियों में आयी। अंजना के. पति आईपीएस अधिकारी हैं। उनका प्रमुख कार्यक्रम हल्ला न बोल है जिसमें जमकर बहस होती है।
झारखंड में स्वतंत्र पत्रकारिता में एक नया नाम है दयामणि बारला। बारला जमीन बचाओ अभियान में सक्रिय रहीं।
खेलकूद के क्षेत्र में झारखंड की महिलाओं ने सुर्खियां बटोरी। इन खिलाड़ियों में हाकी खिलाड़ी अशुंता लकड़ा एवं तीरंदाज दीपिका कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाने में सफल रहीं।
अशुंता ने अंतर्राष्ट्रीय हाकी मुकाबलों में भारतीय टीम का नेतृत्व किया और बाद में चयन समिति की सदस्य भी बनी। दीपिका कुमारी ने तो न केवल झारखंड बल्कि देश के लिए इतिहास रच दिया। तीरंदाजी में पदकों से भारत की झोली भर दी। वैसे झारखंड की ओर कई महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में सफल रही जिनमें सुमराई टेटे शामिल है।
दीपिका कुमारी को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। पर्वतारोहण में प्रेमलता अग्रवाल प्रेरणा की स्रोत बनी। जमशेदपुर निवासी प्रेमलता अग्रवाल ने 45 साल की उम्र में पर्वतारोहण का रिकार्ड कायम किया।
झारखंड में ऐसी भी महिला शख्सियत है जिन्होंने समाज में योगदान तो बहुत दिया लेकिन अपनी जिंदगी को प्रचार से दूर रखकर परिवार तक सीमित रखा। इनमें एक नाम आकाशवाणी रांची की वरीय समाचार वाचिका पूनम केरकेट्टा शामिल है। पूनम केरकेट्टा पहली जनजातीय समाचार वाचिका हुईं जिन्होंने दिल्ली में दूरदर्शन के लिये समाचार वाचन का काम किया। घरेलू जरूरतों के कारण पूनम रांची आ गयीं और वर्तमान में वह आकाशवाणी रांची से समाचार वाचन करती हैं। वन्य प्राणियों पर अध्ययन के साथ-साथ लेखन की शौकीन है पूनम केरकेट्टा।
आकाशवाणी की पूर्व डीजी ग्रेस कुजूर एक जाना-पहचाना नाम है। आकाशवाणी रांची से कार्यक्रम अधिशासी के रूप में योगदान देने के बाद पहली झारखंड की जनजातीय महिला बनी जो आकाशवाणी में डीजी स्तर तक पहुंच गयी। उन्होंने अपने कार्यकाल में झारखंड के लिये तीन नये केंद्र खोलने की मंजूरी दी थी। किसी भी शहर का मेयर होना अपने आप में महत्व रखता है। पहले रमा खलखो और अब आशा लकड़ा रांची की मेयर हैं। आशा लकड़ा ने अपने कार्यकाल में अब तक शहर में साफ सफाई के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कल महिला दिवस है। इसके मद्देनजर झारखंड की कुछ लोकप्रिय महिलाओं की चर्चा करने से ये राज्य की महिलाओं के लिये प्रेरणा की स्रोत बनेंगी।