
कन्हैया कुमार का विरोध करने वाले अभाविप कार्यकर्ताओं की पिटाई
| | 2016-10-03T17:10:46+05:30
भुवनेश्वर (हि.स.)। जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार का विरोध...
भुवनेश्वर (हि.स.)। जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार का विरोध कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की एआईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने लाठी से जमकर पिटाई की है। इससे विद्यार्थी परिषद के अनेक कार्यकर्ताओं को चोटें आयी हैं। पुलिस की उपस्थिति मे एआईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने यह पिटाई की। इसके बाद पुलिस ने विद्यार्थी परिषद के 120 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। उन्हें तीन अलग-अलग थानों में रखा गया है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सैकडों कार्यकर्ता पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत कन्हैया कुमार को काले झंडे दिखाने तथा विरोध करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वहां वामपंथी कार्यकर्ताओं ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। इस कारण दोनों पक्षों के बीच झडप भी हुई । इस घटना में परिषद के एक कार्यकर्ता को गंभीर चोटें आयी है। पुलिस की उपस्थिति में यह घटना घटी।
परिषद के राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य बैलोचन साहु ने कहा कि कन्हैया कुमार जैसे लोग भारतीय सेना का मनोबल तोडना चाहते हैं। यही कारण है कि परिषद ने उनका जोरदार विरोध किया है।